फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 सितम्बर 2025 अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन ऑफ द डीफ वेलफेयर के सहयोग से किया गया, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक डॉ संजय सिंह समेत जनपदीय पुलिस अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को सांकेतिक भाषा की बुनियादी जानकारी देना था ताकि वे मूक-बधिर समुदाय के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर सकें और उनके अधिकारों एवं सुरक्षा को सशक्त बना सकें। इस दौरान अनुवादक (Interpreter) की मदद से एसोसिएशन ऑफ द डीफ वेलफेयर की महिला सदस्यों और अन्य प्रतिभागियों को मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — 1098, 181, 112, 1090 और 1076 — की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला संबंधित अपराधों की रोकथाम, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता की दिशा में जागरूकता भी बढ़ाई गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस को संवेदनशील बनाने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय और सुरक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह विशेष कार्यक्रम न केवल मूक-बधिर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास है बल्कि मिशन शक्ति अभियान को भी और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ।
