फर्रुखाबाद:13 सितम्बर को होगी विशेष लोक अदालत, मामलों के निस्तारण के लिए जारी हुआ कार्यक्रम

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अगस्त 2025 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 13 सितम्बर 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के मामलों के निस्तारण हेतु विशेष पीठें गठित की जाएंगी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेश के क्रम में यह बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिसमें लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने का लक्ष्य है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि इसके लिए कार्यदिवसों में विशेष बैठकों का आयोजन किया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 14 अगस्त से 10 सितम्बर 2025 तक कई तिथियों पर दोपहर 3:30 बजे से बैठकें होंगी। इन बैठकों में आपसी समझौते से सुलह योग्य, बिजली, बैंक, बीमा, श्रम, परिवहन, राजस्व तथा अन्य वादों का निस्तारण किया जाएगा।

निर्धारित तिथियां एवं समय –

14 अगस्त, 21 अगस्त, 28 अगस्त, 4 सितम्बर, 6 सितम्बर, 8 सितम्बर को अपर/प्रथम एवं द्वितीय सिविल न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) के न्यायालय में बैठकें।

19 अगस्त, 26 अगस्त, 2 सितम्बर, 10 सितम्बर को विशेष न्यायाधीश/अपर सिविल न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) के न्यायालय में बैठकें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर लाभ उठाएं। इस लोक अदालत में आपसी सहमति से मामलों का समाधान न केवल तेजी से होगा बल्कि इसमें समय और धन की भी बचत होगी।