फर्रुखाबाद:जिला श्रम बन्धु बैठक में श्रमिक कल्याण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2025 प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के हितों के संरक्षण एवं राज्य के औद्योगिकीकरण को गति देने हेतु संचालित श्रम बन्धु योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय श्रम बन्धु समिति की बैठक आज जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में श्रम विभाग के सहायक श्रमायुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व समिति सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा श्रम बन्धु समिति के गठन का उद्देश्य, श्रमिकों के पंजीयन, उपकर संग्रहण, तथा विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। जिलाधिकारी द्वारा श्रमिकों को योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु प्रभावी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश निम्नलिखित हैं:

1. बीओसीडब्ल्यू उपकर पोर्टल पर जानकारी अपलोड – निर्माण कार्यों के सापेक्ष काटे गए 1% उपकर की धनराशि की जानकारी पोर्टल पर तत्काल फीड करने हेतु संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया।

2. मनरेगा श्रमिकों का पंजीयन – मनरेगा श्रमिकों को बीओसीडब्ल्यू अधिनियम के तहत अधिक से अधिक पंजीकृत करने हेतु ग्राम प्रधानों से सहयोग लेकर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

3. प्रचार-प्रसार व जागरूकता – तहसील एवं विकास खंड कार्यालयों पर श्रम विभाग की योजनाओं से संबंधित होर्डिंग-बैनर लगाए जाएंगे। ग्रामसभाओं में श्रम प्रवर्तन अधिकारी उपस्थित रहकर योजनाओं की जानकारी देंगे।

4. नगर क्षेत्रों में अभियान – शहरी गरीबों के जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत नगर पालिकाओं में बैनर लगाए जाएंगे ताकि अधिकाधिक श्रमिक अपना पंजीयन करा सकें।

5. भवन मानचित्र सूची का समन्वय – सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया कि स्वीकृत भवन मानचित्रों की सूची भवन स्वामियों के नाम-पते सहित सहायक श्रमायुक्त कार्यालय को अनिवार्य रूप से भेजी जाए।

6. ई-श्रम और पीएम श्रम योगी मानधन योजना – असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों व लघु व्यापारियों का ई-श्रम पोर्टल और पीएम श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन करवाने के लिए श्रमिक संगठनों व व्यापारी संगठनों को जोड़ते हुए जनसुविधा केंद्रों की मदद ली जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से श्रमिकों की भलाई के लिए नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा और सभी संबंधित विभागों को समन्वय से कार्य करने की अपील की।