कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जून 2025 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज कन्नौज में एक गरिमामय कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुनील कुमार गुप्त ‘मुन्ना भईया’ के नवीन प्रतिष्ठान ‘चंद्रगुप्त ऑटोमोबाइल्स’ का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने श्री सुनील कुमार गुप्त को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे उद्योगों की स्थापना न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराती है, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में भी सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतिष्ठान गुणवत्ता और सेवा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करेगा।
उद्घाटन समारोह में समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पारंपरिक तरीके से फीता काटकर प्रतिष्ठान का उद्घाटन किया गया और अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
श्री सुनील कुमार गुप्त ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रतिष्ठान क्षेत्रवासियों को आधुनिक तकनीक से युक्त सेवाएं प्रदान करेगा। उन्होंने सपा सुप्रीमो श्री अखिलेश यादव के प्रति आभार जताया कि उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
