फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अक्टूबर 2025 जनपद फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला सातनपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब समाजवादी पार्टी के जिला सचिव नन्दकिशोर दुबे वंदेमातरम के छोटे भाई शिवम द्विवेदी और उनके परिवार को पड़ोसियों ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवम द्विवेदी पुत्र श्री रामकिशोर द्विवेदी ने थाना कादरी गेट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वे अपने मकान के बाहर सीढ़ी का निर्माण कराना चाहते थे। इस निर्माण कार्य का उनके सामने रहने वाले पड़ोसी संजीव कुमार, अर्जुन और सहदेव पुत्रगण देशराज ने कड़ा विरोध किया। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन व मोहल्ले के भूरे यादव के हस्तक्षेप के बाद विवाद को रफा-दफा कर दिया गया था, जिसके बाद शिवम द्विवेदी ने सीढ़ी का निर्माण कार्य पूरा कराया।
लेकिन कुछ दिनों बाद, उन्हीं पड़ोसियों ने पुनः अज्ञात गुंडों को बुलाकर शिवम द्विवेदी व उनके परिवार के साथ गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि आरोपियों ने सड़क पर गड्ढा खोदने का काम भी करवाया जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया।
शिवम द्विवेदी ने इस संबंध में थाना कादरी गेट में प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसियों व उनके गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में जब चौकी इंचार्ज विशेष कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि,“मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही समाधान किया जाएगा। प्रार्थी या उसके परिवार को किसी प्रकार की हानि नहीं होने दी जाएगी। यदि किसी प्रकार की मारपीट या धमकी की घटना दोहराई गई, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
घटना से इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
