फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 सितम्बर 2025 जनपद की पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने आज एक नये प्रयोग के तहत गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान उन्होंने समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारियों को ऑनलाइन जोड़ा और उपस्थित फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक ने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से लिया जाए और समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसपी आरती सिंह ने अधिकारियों को हिदायत दी कि शिकायतों का निस्तारण करते समय पारदर्शिता और संवेदनशीलता का पालन अनिवार्य है। साथ ही यह भी कहा कि जनता को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वर्चुअल जनसुनवाई से ग्रामीण क्षेत्रों और दूरदराज के लोगों को भी अपनी समस्या सीधे शीर्ष अधिकारी तक पहुंचाने का अवसर मिला। इस पहल को लोगों ने सराहा और इसे पुलिस-जन संवाद की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
