फर्रुखाबाद:एसपी आरती सिंह ने गूगल मीट के माध्यम से की वर्चुअल जनसुनवाई।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2025 जनपद की पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने आज गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया।

वर्चुअल जनसुनवाई में आये हुए फरियादियों की समस्याओं को एसपी आरती सिंह ने विस्तार से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को यह स्पष्ट निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके।

एसपी ने अधिकारियों को जनसुनवाई की शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही तभी सुनिश्चित होगी जब जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान समय पर किया जाए।

जनसुनवाई में विभिन्न थानों से जुड़े मामले, आपसी विवाद, भूमि संबंधी शिकायतें और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठे। एसपी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारियों को ठोस कार्यवाही करने और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने पर बल दिया।

इस वर्चुअल पहल को लोगों ने सराहा और इसे पुलिस-जन संवाद को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।