फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अक्टूबर 2025 जिले के सक्रिय समाजसेवी, किसान नेता और आम आदमी पार्टी के संघर्षशील साथी रवि शर्मा को एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (ASAP) स्टूडेंट विंग का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद माननीय संजय सिंह के निर्देशन में तथा प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा द्वारा की गई।
रवि शर्मा वर्तमान में अधिवक्ता की पढ़ाई कर रहे हैं और इसके साथ-साथ फर्रुखाबाद में युवाओं के साथ मिलकर कई सामाजिक संगठनों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। वह अखिल भारतीय युवा जनसभा के विधानसभा अध्यक्ष भी हैं और किसान यूनियन के साथ मिलकर किसानों के हितों के लिए लगातार संघर्षरत रहे हैं।
रवि शर्मा लंबे समय से आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं और पार्टी के कई आंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने जिला कार्यालय, आलू मंडी रोड फर्रुखाबाद पर मिठाई खिलाकर रवि शर्मा को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ASAP आम आदमी पार्टी का छात्र संगठन है, जो युवाओं और छात्रों को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।
राष्ट्रीय संयोजक माननीय अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में इस संगठन की शुरुआत की थी।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जिलाध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा — “युवाओं और छात्रों को राजनीति में जागरूक और सक्रिय बनाने का लक्ष्य है, क्योंकि युवा ही देश का भविष्य हैं। समाज और राजनीति में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए युवाओं की भागीदारी आवश्यक है।”
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रवि शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
