फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अक्टूबर 25 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से प्रारम्भ किए गए मिशन शक्ति अभियान (फेज-5) के अंतर्गत थाना शमसाबाद पुलिस द्वारा क्षेत्रान्तर्गत महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों — 1098 (बाल सहायता), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला पावर लाइन) एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) — की जानकारी देते हुए इनके प्रयोग की विधि समझाई।
पुलिस कर्मियों ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में वे निडर होकर इन हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क कर सकती हैं। साथ ही महिलाओं को आत्मरक्षा के उपाय, कानूनी अधिकारों और समाज में अपने सम्मान की रक्षा के प्रति भी प्रेरित किया गया।
थाना शमसाबाद पुलिस का यह जनजागरूकता अभियान महिलाओं में सुरक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर व सजग नागरिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।
