फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अक्टूबर 2025 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे #MissionShakti5 अभियान के तहत थाना शमसाबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने क्षेत्र की महिलाओं व बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर — 1098, 181, 112, 1090 एवं 1076 — की जानकारी दी और बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस टीम ने महिलाओं को यह भी बताया कि सरकार व पुलिस प्रशासन द्वारा महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को निडर, आत्मनिर्भर और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाना है।
थाना प्रभारी ने कहा कि “मिशन शक्ति अभियान का मूल उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।”
उन्होंने सभी से अपील की कि यदि किसी महिला या बालिका के साथ किसी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न होता है तो तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें।
पुलिस की यह पहल महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रही है।
