फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 सितम्बर 2025 को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद के पर्यटन ग्राम श्रृंगीरामपुर में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “पर्यटन एवं सतत् परिवर्तन” पर आधारित इस कार्यक्रम में पर्यटन के महत्व, ग्रामीण विरासत संरक्षण और रोजगार सृजन पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागेन्द्र सिंह राठौर विधायक भोजपुर तथा विशिष्ट अतिथि आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद रहे। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत ग्रामीण भजन मंडली ने भजन एवं नारी शक्ति पर आधारित गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
इस अवसर पर अतिथियों एवं वक्ताओं ने ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय परंपराओं व प्राचीन धरोहरों को संजोने तथा पर्यटन के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। पर्यटन विभाग में पंजीकृत चार फार्म-स्टे स्वामियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में राजेपुर चेयरमैन श्री भूपेंद्र सिंह, क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी श्रीमती दीप्ति वत्स, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन श्री संजय सिंह ने किया।
विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को मजबूत करने और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
