फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2025 भारतीय जनसंघ के संस्थापक और महान विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आज फतेहगढ़ में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष रमला राठौर के नेतृत्व में न्यू नवदिया निवासी अमन गुप्ता के आवास पर सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, उनके विचारों और देशहित में किए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दिनेेश प्रताप, बिटाना चौहान सिंह, सुनील गुप्ता, संजीव सिंह, रूबी कश्यप, राहुल राठौर, विजय कुमार, रेखा, अनपुर वर्मा, गुरमीत कटिहार और अंकुर वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप सिंह (प्रभारी) ने अपने संबोधन में कहा कि “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाने की नींव रखी थी, और आज उनकी सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार किया है।”
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रीयता, निष्ठा और आत्मबलिदान की प्रेरणा है। उन्होंने शिक्षा, राष्ट्रवाद और स्वावलंबन के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मार्गदर्शक है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को डॉ. मुखर्जी के विचारों से जोड़ना और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करना था। समापन पर सभी ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
