फर्रुखाबाद:जाम की झाम में फंसे स्कूली बच्चे सब्जी मंडी चिलसरा मार्ग पर अव्यवस्था बनी मुसीबत।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 दिसम्बर 2025 आदर्श थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के टाउन हॉल–चिलसरा मार्ग स्थित सब्जी मंडी पर रोज़ लगने वाला लंबा जाम आमजन के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। खासकर स्कूली बच्चों और राहगीरों को प्रतिदिन सुबह जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

सोमवार, 01 दिसंबर 2025 को भी सुबह लगभग 7 बजे से 9 बजे तक सड़क पूरी तरह से ठप रही। इस दौरान सब्जी मंडी में बड़े वाहनों की आवाजाही और अव्यवस्थित तरीके से लगने वाली दुकानों के कारण सड़क पर जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई।

स्कूल वाहन चालक बताते हैं कि “प्रतिदिन इसी तरह जाम लगता है। बच्चों को स्कूल पहुंचने में देर हो जाती है और कई बार तो बच्चे जाम में ही गेट के बाहर फंसे रह जाते हैं।”

स्थानीय लोगों का कहना है कि सब्जी मंडी लगने के समय यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। प्रशासन द्वारा ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था न किए जाने से राहगीर रोज़ इस समस्या का सामना करने को मजबूर हैं।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि सब्जी मंडी में बड़े वाहनों की आवाजाही पर नियमन किया जाए और सुबह स्कूल समय के दौरान यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में दिक्कत न हो और क्षेत्र के लोगों को जाम से राहत मिल सके।