फर्रुखाबाद:जनपद में श्रावण मास तृतीय सोमवार व नाग पंचमी पर्व पर लागू होगा रूट डायवर्जन, भारी मालवाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2025 श्रावण मास के तृतीय सोमवार व नाग पंचमी पर्व के दृष्टिगत जनपद फतेहगढ़ में भारी भीड़ व कावड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से दिनांक 26 जुलाई 2025 रात्रि 8:00 बजे से दिनांक 29 जुलाई 2025 रात्रि 8:00 बजे तक भारी मालवाहनों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

जनपद पुलिस प्रशासन द्वारा जारी रूट डायवर्जन आदेश के अनुसार, फतेहगढ़ में प्रवेश करने वाले ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डम्पर, लोडर आदि भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। आदेश के तहत किए गए प्रमुख प्रावधान निम्नलिखित हैं:

1. कन्नौज से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहन – इन्हें जनपद कन्नौज से छिबरामऊ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

2. छिबरामऊ से जहानगंज होकर फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहन – इन्हें छिबरामऊ से बेवर व जनपद मैनपुरी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

3. बेवर, जनपद मैनपुरी की ओर से फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहन – इन्हें बेवर जनपद मैनपुरी से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।

4. जनपद एटा की ओर से आने वाले भारी वाहन – इन्हें बिराहिमपुर अल्लीगंज बार्डर जनपद एटा पर रोका जाएगा।

5. जनपद शाहजहांपुर व बरेली की ओर से आने वाले भारी वाहन – इन्हें थाना अल्लागंज व हुल्लापुर, जनपद शाहजहांपुर एवं जयनपुर बार्डर से डायवर्ट किया जाएगा। शाहजहांपुर चौहारे से ढाई घाट (शमशाबाद) की ओर आने वाले वाहनों को भी जयनपुर पर रोका जाएगा।

6. जनपद हरदोई की ओर से आने वाले भारी वाहन – इन्हें रूपापुर थाना सवायजपुर, जनपद हरदोई में ही रोका जाएगा।

पुलिस प्रशासन की अपील: आमजन से अपील की गई है कि वे पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी आपात स्थिति में यातायात पुलिस या 112 आपातकालीन सेवा से संपर्क करें।