फर्रुखाबाद:मेला श्री रामनगरिया के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने हेतु रूट डायवर्जन लागू

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जनवरी 2026 जनपद में आयोजित होने वाले मेला श्री रामनगरिया को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक रूट डायवर्जन योजना लागू की गई है। यह रूट डायवर्जन 03 जनवरी 2026 से 01 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।

पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में जारी आदेश के अनुसार मेला अवधि के दौरान भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रूट डायवर्जन व्यवस्था इस प्रकार रहेगी—

कन्नौज से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डम्पर, लोडर आदि भारी वाहनों को जिला जेल क्रॉसिंग से सेंट्रल जेल, मैनपुरी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

शाहजहांपुर–जलालाबाद की ओर से आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को डबरी तिराहा से अमृतपुर होते हुए बरेली मार्ग पर भेजा जाएगा।

जनपद मैनपुरी/बेवर की ओर से फतेहगढ़ आने वाले ट्रक व अन्य भारी वाहनों को बेवर से सेंट्रल जेल, आईटीआई चौराहा, हिलावल तिराहा, फैजाबाद तिराहा, शमशाबाद की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

निर्धारित पार्किंग स्थल

मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं के छोटे वाहनों के लिए गंगा स्नान क्षेत्र में अलग-अलग मार्गों से आने वालों हेतु निम्नलिखित पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—

बरेली मार्ग, शाहजहांपुर मार्ग व बदायूं मार्ग से आने वाले वाहनों की पार्किंग वन चेतना में की जाएगी।

इटावा मार्ग व छिबरामऊ मार्ग से आने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग राधा रानी हॉस्पिटल परिसर में होगी।

नवाबगंज, शमशाबाद, लालगेट तिराहा, कादरीगेट तिराहा व लकूला रोड से आने वाले वाहनों की पार्किंग मालती गार्डन में निर्धारित की गई है।

मिलिट्री चौराहा से आर्मी कैंट मार्ग होते हुए आने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग सोनू टोल के पास की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मेला अवधि में निर्धारित रूट डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग कर व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दें।