फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 नवंबर 2025 जिलाधिकारी के आदेशानुसार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत के निर्देशन में संचालित सड़क सुरक्षा माह (1 नवंबर से 30 नवंबर) के अंतर्गत राजपूताना पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य हिरदेश कुमार सिंह ने छात्रों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करने से सड़क हादसों की गंभीरता बढ़ जाती है। यदि लोग समय रहते सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें तो जान-माल के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है। प्रधानाचार्य ने बच्चों से आग्रह किया कि वे घर पर अपने अभिभावकों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि विद्यालय आते समय कोई व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त मिले तो उसकी मदद अवश्य करनी चाहिए। सरकार द्वारा ‘गुड सेमेरिटन स्कीम’ के तहत ऐसे साहसी व्यक्तियों को सम्मान और आर्थिक सहायता दी जाती है। समय पर मिली मदद किसी की जान बचा सकती है।
इस अवसर पर जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुशवाहा ने स्काउट गाइड कार्यक्रम व सड़क सुरक्षा संकेत चिह्नों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने घोषणा की कि विद्यालय में स्काउट गाइड कार्यक्रम अगले सप्ताह से प्रारंभ होगा, जिसके तहत विद्यार्थियों को विविध प्रकार के प्रशिक्षण प्रदान किए जाएंगे। प्रशिक्षण के बाद आने वाला सप्ताह मिशन शक्ति को समर्पित होगा, जिसमें बालिकाओं को पुलिस विभाग द्वारा तिलक, पुष्प वर्षा एवं मिष्ठान देकर सम्मानित किया जाएगा तथा मिशन शक्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। छात्रों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं तथा अपने परिवार को प्रतिदिन सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करेंगे।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रबंधक संदीप सिंह राठौर, प्रशासक मोहम्मद अरशद, कोऑर्डिनेटर महिमा सिंह, पीटीआई देवेंद्र सिंह, असेंबली इंचार्ज रतिका मिश्रा, कोमल, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं लगभग 700 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
