फर्रुखाबाद:पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आरआरसी फतेहगढ़ में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय आर.आर.सी., फतेहगढ़ में आज सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एआरटीओ-प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क पर सुरक्षित चलने, वाहन संचालन के नियमों और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षक उपाय हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल दुर्घटना का बड़ा कारण है, इसलिए इससे बचना चाहिए।

श्री राजपूत ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि यदि अवयस्क द्वारा बिना लाइसेंस वाहन चलाते पकड़ा गया तो उसके अभिभावक या वाहन स्वामी को दोषी माना जाएगा। मोटर वाहन संशोधन अधिनियम, 2019 के तहत इसके लिए 3 साल तक की जेल, 25 हजार रुपये तक का जुर्माना तथा वाहन का पंजीयन एक वर्ष के लिए निरस्त किया जा सकता है। इतना ही नहीं, संबंधित किशोर का ड्राइविंग लाइसेंस 25 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद ही बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित 2218 छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे स्कूल आने वाले वाहनों (ऑटो, वैन, बस आदि) की जानकारी विद्यालय प्रशासन को उपलब्ध कराएं ताकि परिवहन विभाग उनकी फिटनेस जांच सके। श्री राजपूत ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता, कर्त्तव्यनिष्ठा और सहयोग जैसे गुण अपनाने का संदेश दिया और कहा कि ऐसे संस्कार न केवल व्यक्तिगत विकास बल्कि समाज की उन्नति के लिए भी आवश्यक हैं।

विद्यालय के प्राचार्य श्री वी. अरोरा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को जिम्मेदार और सजग नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। अंत में उप प्राचार्य श्री बीरम पाल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। सड़क सुरक्षा शपथ के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और दायित्वबोध को सुदृढ़ किया।