फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 आगामी बौद्ध पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले बौद्ध महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज आयुक्त कानपुर मंडल के. विजेंद्र पांडियन और उप पुलिस महानिरीक्षक कानपुर हरीश चंद्र ने संकिसा पहुँचकर समीक्षा बैठक की। इस बैठक में माँ विसारीदेवी सेवा समिति के पदाधिकारियों, आयोजन समिति के सदस्यों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। आयुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान किसी भी वक्ता द्वारा किसी धर्म विशेष पर कोई टिप्पणी न की जाए, तथा सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक पोस्ट साझा न हो।
उन्होंने कहा कि धम्म यात्रा में इस बार केवल एक झाँकी निकाली जाएगी और परंपरा से अतिरिक्त कोई कार्य नहीं किया जाएगा। तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयुक्त पांडियन ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत संकिसा को निर्देशित किया कि—मेला क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो, पेयजल व शौचालय की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, पूरे मार्ग व स्थल पर निरंतर सफाई अभियान चलता रहे, ड्रोन से वीडियोग्राफी कराई जाए, फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रहे, और पूरे क्षेत्र में पीए सिस्टम (लाउडस्पीकर व्यवस्था) सक्रिय रखा जाए। साथ ही, विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि 24 घंटे अबाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक के बाद आयुक्त व डीआईजी महोदय ने कार्यक्रम स्थल व स्तूप परिसर का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, तथा उपजिलाधिकारी सदर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
