फर्रुखाबाद:जनपद के विकास कार्यों, सड़कों, बिजली, शिक्षा व स्वच्छता योजनाओं की हुई समीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 दिसंबर 2025 कोजिले के सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फर्रुखाबाद में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत सुश्री मोनिका यादव, माननीय विधायक अमृतपुर श्री सुशील कुमार शाक्य, माननीय विधायक भोजपुर श्री नागेन्द्र सिंह राठौर, माननीय विधायक कायमगंज डॉ. सुरभी, माननीय सदस्य विधान परिषद (स्थानीय निकाय) श्री प्रॉशू दत्त द्विवेदी, नगर पंचायतों के अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सड़क, मनरेगा और आजीविका पर विशेष जोर

माननीय सांसद द्वारा मॉर्थ विभाग को निर्देशित किया गया कि इटावा–बरेली मार्ग पर नालों का लेवल दुरुस्त कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त रेलिंग को शीघ्र ठीक कराया जाए।

मनरेगा योजना के अंतर्गत सभी विधायकों द्वारा 19 तालाबों की खुदाई, गहरीकरण एवं गाद निकासी से संबंधित कार्यों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूहों की ऑनलाइन बिक्री के संबंध में उपायुक्त स्वतः रोजगार द्वारा जानकारी दी गई कि जनपद के कई स्वयं सहायता समूह ऑनलाइन बिक्री कर रहे हैं। इस पर माननीय सांसद ने सड़क किनारे स्थित खाली भूमि (क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, रखा स्कूल आदि) पर दुकानें बनवाकर समूहों को आवंटित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा, बिजली और ग्राम विकास से जुड़े मुद्दे

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बताया गया कि प्रस्तावित 54 मार्गों में से केंद्र सरकार द्वारा 07 मार्गों का चयन किया गया है।

माननीय विधायक कायमगंज द्वारा कस्तूरबा गांधी विद्यालय रजलामई के बंद हॉस्टल एवं स्कूल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के स्थानांतरण का मुद्दा उठाया गया।

माननीय विधायक भोजपुर ने जरारी एवं भड़ौसा में विद्युत चोरी की सघन जांच न होने पर प्रश्न उठाया।

खेल, सुरक्षा और गौवंश व्यवस्था

माननीय सांसद ने मेला रामनगरिया में हर समय फायर ब्रिगेड वाहन की तैनाती के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।

सांसद खेल-कूद स्पर्धा में खिलाड़ियों को भ्रमित किए जाने के मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए गए।

माननीय सदस्य विधान परिषद श्री प्रॉशू दत्त द्विवेदी ने शाम के समय गलियों में घूम रहे आवारा गौवंश की समुचित व्यवस्था करने की मांग रखी।

स्वच्छता और कृषि योजनाएं

राष्ट्रीय कृषि विभाग योजना के अंतर्गत उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान कल्याण केंद्र के रूप में विकास हेतु धनराशि प्राप्त हो चुकी है तथा नवाबगंज एवं मोहम्मदाबाद विकासखंडों में कार्य प्रगति पर है।

स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत ग्राम आमिलपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण हेतु प्लांट संचालन के लिए शीघ्र टेंडर खोले जाने की जानकारी दी गई। माननीय सांसद ने कहा कि शासन को पत्र लिखकर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था मजबूत कराने एवं गीले कचरे से सीएनजी बनाने की मशीन लगाने का प्रस्ताव भेजा जाए।

बैठक का समापन

अंत में जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए दिए गए निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन का आश्वासन दिया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।