फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2025 जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की वसूली प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वाणिज्य कर विभाग की वसूली लक्ष्य से कम रही और प्रदेश में 30वां स्थान प्राप्त हुआ। स्टाम्प एवं निबंधन विभाग, आबकारी विभाग, खनन विभाग और मंडी परिषद की वसूली भी संतोषजनक नहीं पाई गई। वहीं, परिवहन विभाग की वसूली बेहतर रही और प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया। विद्युत विभाग की वसूली को भी अच्छा पाया गया।
जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी को प्रवर्तन कार्य में सख्ती और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं निबंधन और खनन विभाग को वसूली बढ़ाने के लिए प्रवर्तन अभियान तेज करने को कहा। साथ ही निर्देशित किया कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड के पैरामीटर की जांच करें और उसमें सुधार लाएं।
बैठक के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नशीली दवाओं का सेवन न करने की शपथ भी दिलाई गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
