फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2025 आगामी संभावित बाढ़ संकट को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में बाढ़ राहत तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और बाढ़ राहत के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बाढ़ से पहले सभी नावों का नवीनीकरण कार्य पूरा कर लिया जाए और गोताखोरों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पर्याप्त मात्रा में लाइफ जैकेट, टॉर्च, सर्चलाइट आदि सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका वाले गाँवों और परिवारों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करने के निर्देश भी दिए गए। सभी एसडीएम, तहसीलदार और ब्लॉक विकास अधिकारियों को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल भ्रमण करने का आदेश दिया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) को निर्देशित किया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) ने अवगत कराया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में स्थित गोवंश आश्रय स्थलों से पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नरौरा डैम से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा और जल स्तर की जानकारी प्रतिदिन मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाई जाए ताकि समय से सतर्कता बरती जा सके।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
