फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में 1 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद में संचालित 66 योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की धीमी गति को लेकर कई विभागों पर नाराज़गी जताई। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा ढिलावल व सिरौली पेयजल परियोजना के निर्माण कार्य में देरी पर स्पष्ट असंतोष व्यक्त किया गया। इसी तरह, UPCLDF द्वारा कराए जा रहे कार्य समय से पूर्ण न होने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। UPSIDC और UPRNN के निर्माण कार्यों की गति भी जिलाधिकारी की नाराज़गी का कारण बनी। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की प्रगति अत्यंत धीमी पाए जाने पर अधिशासी अभियंता को नोटिस देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें नियमानुसार तत्काल हैंडओवर की प्रक्रिया में लाया जाए। साथ ही, सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व मानक का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे अपने प्रोजेक्ट्स का नियमित निरीक्षण करें और कार्यों की नवीनतम फोटोग्राफ्स भी उपलब्ध कराएं। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह समीक्षा बैठक जनपद के विकास कार्यों में गति लाने व पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त प्रशासनिक कदम के रूप में देखी जा रही है।
