फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जून 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक आगामी संचारी रोग नियंत्रण अभियान (01 जुलाई से 31 जुलाई) एवं दस्तक अभियान (11 जुलाई से 31 जुलाई) की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई थी।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि अभियान के लिए माइक्रो प्लान प्राप्त हो चुका है, और उसके अनुसार समस्त तैयारियां की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी अस्पतालों में डेंगू व मलेरिया वार्ड अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं। डेंगू या मलेरिया के मरीज पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से उपचार सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी स्थानों पर दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो, और हर घर में ओआरएस (ORS) के पैकेट वितरित किए जाएं। साथ ही, दोनों अभियानों का शुभारंभ जिले की सभी तहसीलों व ब्लॉकों से एकसाथ किया जाए जिससे जागरूकता और सहभागिता में वृद्धि हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला विकास अधिकारी, एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को पूरी गंभीरता व समन्वय के साथ सफल बनाया जाए ताकि जिले में संचारी रोगों की रोकथाम प्रभावी रूप से की जा सके।
