फर्रुखाबाद:दुष्कर्म के दोषी दीवान विनय चौहान बर्खास्त, पुलिस अधीक्षक ने की सख्त कार्यवाही।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जुलाई 2025 जनपद में शर्मनाक घटना को अंजाम देने वाले पुलिस विभाग के दीवान विनय चौहान को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई दो जुलाई को एक नाबालिग छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले में की गई है, जिसमें पुलिस जांच में दीवान को दोषी पाया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह गंभीर अपराध सीओ मोहम्मदाबाद द्वारा की गई जांच में पुष्टि के बाद उजागर हुआ। आरोपी दीवान विनय चौहान पूर्व में थाना नवाबगंज में तैनात था और वर्तमान में महिला थाने, पुलिस लाइन में ड्यूटी पर था।

पीड़िता के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट

नवाबगंज निवासी पीड़िता के पिता ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री बीआरएम एजुकेशन सेंटर, बबना रोड नवाबगंज में कक्षा 11 की छात्रा है। 2 जुलाई की सुबह लगभग 7:30 बजे जब वह स्कूल जा रही थी, तभी मदर इंडिया स्कूल के पास आरोपी दीवान विनय चौहान ने कार संख्या UP76 AK 5081 में उसे जबरन बैठा लिया।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने कार में छात्रा के साथ जबरदस्ती की। जब छात्रा ने विरोध किया और चिल्लाई तो कार चालक ने तमंचा दिखाकर उसे डराया। जब इस बात की जानकारी पीड़िता के परिवार को हुई तो उन्होंने खोजबीन शुरू की।

ग्रामीणों ने कार को रोका, आरोपी को पकड़ा

कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने देखा कि वही कार मदर इंडिया स्कूल के पास छात्रा को उतार रही थी। संदेह होने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने मोटरसाइकिल से कार का पीछा कर उसे रोका। कार रुकते ही चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन आरोपी दीवान विनय चौहान को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

विभागीय जांच में दोषी पाया गया, बर्खास्तगी की कार्रवाई

इस घटना को लेकर जब सीओ मोहम्मदाबाद द्वारा विभागीय जांच की गई, तो दीवान विनय चौहान को दोषी पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने तत्काल प्रभाव से उसे पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया।

जेल में बंद है आरोपी

वर्तमान में आरोपी दीवान को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वह जनपद फिरोजाबाद का मूल निवासी है और पहले भी नवाबगंज थाने में तैनात रह चुका है।

पुलिस की सख्त चेतावनी

फर्रुखाबाद पुलिस प्रशासन ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी में रहकर यदि कोई व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध और भी कठोर कार्यवाही की जाएगी।