फर्रुखाबाद:राजेपुर पुलिस ने बहन की हत्या के आरोप में भाई और भाभी को किया गिरफ्तार–हत्या में प्रयुक्त गमछा व मोटरसाइकिल बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना राजेपुर पुलिस ने बहन की हत्या के आरोप में सगे भाई और भाभी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में अभिषेक पुत्र सोवरन और उसकी पत्नी सरिता शामिल हैं, जो थाना कायमगंज क्षेत्र के मोहल्ला पटवनगली के निवासी हैं।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री हरीश चन्दर, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह और क्षेत्राधिकारी अमृतपुर श्री अजय वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने किया।

घटना का विवरण:

दिनांक 06 जुलाई 2025 को थाना राजेपुर क्षेत्र में बरेली-इटावा मार्ग स्थित नासे नाला पुल, ग्राम महमदपुर गढ़िया के पास एक अज्ञात युवती का शव तालाब में बरामद हुआ था। ग्राम प्रधान की सूचना पर थाना राजेपुर में फौती दर्ज की गई। शिनाख्त के उपरांत मृतका की पहचान कीर्ति पुत्री सोवरन, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी मोहल्ला पटवनगली, कायमगंज के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल कॉल डिटेल (CDR) और गांव वालों से हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामला हत्या का पाया और उपनिरीक्षक अमित कुमार की तहरीर पर मु0अ0सं0 86/2025, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया।

गिरफ्तारी और बरामदगी:

मुखबिर की सूचना पर 09 जुलाई 2025 को अभियुक्त अभिषेक और सरिता को अभिषेक के मामा के घर ग्राम नगला पाप से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त अभिषेक के पास से हत्या में प्रयुक्त गमछा और मोटरसाइकिल (अपाचे, नंबर UP76AJ8854) बरामद की गई।

पुलिस पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा:

पुलिस पूछताछ में अभिषेक ने कबूल किया कि उसकी बहन कीर्ति का मोहल्ले के ही एक युवक अंकित गंगवार से प्रेम संबंध था। सामाजिक बदनामी के डर से उसने और उसकी पत्नी सरिता ने कीर्ति को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह प्रेम विवाह के लिए अड़ी रही।

रात में घर से एडमिशन के बहाने कीर्ति को लेकर निकले अभिषेक और सरिता ने सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। अभिषेक ने गमछे से कीर्ति का गला और मुंह दबाया और सरिता ने उसके हाथ पकड़ लिए। हत्या के बाद शव को पुल से नीचे फेंक दिया गया। घटना के बाद दोनों फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन भाग गए और रास्ते में गंगा पुल से गमछा भी फेंक दिया गया।

अपराध इतिहास:

अभिषेक पुत्र सोवरन: मु0अ0सं0 86/25 धारा 103(1)/238 बीएनएस, थाना राजेपुर

सरिता पत्नी अभिषेक: मु0अ0सं0 86/25 धारा 103(1)/238 बीएनएस, थाना राजेपुर

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:

1. प्र0नि0 श्री नवीन कुमार सिंह

2. निरीक्षक (अपराध) श्री कामता प्रसाद

3. उ0नि0 श्री अमित कुमार

राजेपुर पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से एक जघन्य अपराध का खुलासा हुआ है, जिसमें पारिवारिक रिश्तों के नाम पर हुए हत्या जैसे घृणित कृत्य को बेनकाब किया गया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।