फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जून 2025 अमृत महायोजना 2031 के तहत फर्रुखाबाद जिले में प्रस्तावित एक प्रमुख सड़क मार्ग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू सेना की युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार को पत्र लिखकर इस असमान योजना पर आपत्ति जताई है।
ज्ञापन में श्री पाण्डेय ने अवगत कराया कि लालगेट-कादरीगेट-चांदपुर-अमेठी-कोहना होते हुए पांचालघाट तक लगभग 4 किमी लंबा यह मार्ग तीन खंडों में अलग-अलग चौड़ाई के साथ प्रस्तावित किया गया है। जिसमें—
रेलवे स्टेशन से लालगेट तक: 1 किमी दूरी, 15 मीटर चौड़ाई
लालगेट से कादरीगेट तक: 700 मीटर दूरी, 25 मीटर चौड़ाई
कादरीगेट से पांचालघाट तक: 2 किमी दूरी, 45 मीटर चौड़ाई प्रस्तावित है।
प्रदेश अध्यक्ष ने इस योजना को असंतुलित और जनविरोधी बताते हुए कहा कि कादरीगेट से पांचालघाट के बीच लगभग सात गांव आते हैं जिनकी घनी आबादी है। इस क्षेत्र के अधिकतर निवासी गरीब, मजदूर वर्ग से आते हैं और उन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई से मकान बनाए हैं। यदि 45 मीटर चौड़ाई का प्रस्ताव लागू किया गया, तो सैकड़ों लोगों के आशियाने उजड़ जाएंगे और वे सड़क पर आ जाएंगे।
श्री पाण्डेय ने मंत्री महोदय से आग्रह किया कि इस पूरे मार्ग को समान रूप से 25 मीटर चौड़ा किए जाने की कृपा की जाए, जिससे विकास भी हो और आमजन का जीवन भी सुरक्षित रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की भेदभावपूर्ण योजना पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो इसका सीधा असर आगामी 2027 के चुनावों में देखने को मिलेगा। ग्रामीणों की ओर से समर्थन के स्वर उठने लगे हैं और स्थानीय लोग भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलित होते दिखाई दे रहे हैं। उम्मीद है कि शासन-प्रशासन इस मांग को गंभीरता से लेगा और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उचित निर्णय करेगा।
