फर्रुखाबाद:कादरी गेट थाना को मिलेगा नया मॉडर्न भवन, 6.66 करोड़ रुपये होंगे खर्च

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 शहर का ऐतिहासिक कादरी गेट थाना अब जल्द ही एक आधुनिक (मॉडर्न) भवन के रूप में नया रूप लेने जा रहा है। शासन स्तर से इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और इसके निर्माण पर लगभग 6.66 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

जानकारी के अनुसार, नया थाना भवन दो मंजिला प्रशासनिक भवन के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें महिला सम्मान कक्ष, सर्विस रूम, अधिकारियों के लिए कार्य कक्ष, रिकॉर्ड रूम, हवालात और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नियंत्रण कक्ष शामिल रहेगा।

निर्माण कार्य का जिम्मा कानपुर पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड को सौंपा गया है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना का पूरा निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष में पूरा किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य अगले महीने के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। नया भवन न केवल पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्यस्थल प्रदान करेगा, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से उपयोगी साबित होगा।

स्थानीय लोगों में इस परियोजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। उनका कहना है कि नया थाना भवन बनने से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता में सुधार होगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति और मजबूत होगी।