फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जुलाई 2025 तहसील परिसर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण और स्वच्छता की शपथ के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के सहयोग से किया गया, जिसमें अनुकृति नाट्य मंच द्वारा प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने लोगों को समझाया कि किस तरह से वे अपने घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालें।
गीला कचरा:
बचा हुआ भोजन, सब्जियां, फल ,अंडे के छिलके, मांसाहारी अवशेष पूजा सामग्री, गंदे टिशू पेपर , चाय-कॉफी बैग्स, पत्तल आदि
सूखा कचरा:
प्लास्टिक बोतलें, चिप्स-टॉफी के रेपर , दूध-दही के पैकेट, पॉलिथीन , गत्ता, कागज, टेट्रापैक , धातु के डिब्बे, थर्माकोल, रबर, टॉयलेट्री
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से यह शपथ भी दिलाई गई कि वे अपने घरों का कचरा कभी सड़क पर नहीं फेंकेंगे और कूड़े को अलग-अलग करके ही सफाई कर्मचारियों को देंगे। साथ ही, वनटाइम यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने और कपड़े की थैलियों का उपयोग बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में लगभग 500 दर्शकों की उपस्थिति रही और लोगों की प्रतिक्रिया अत्यंत उत्साहजनक रही। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए ताकि जनमानस में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बनी रहे। दल प्रमुख संजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को “उत्तम” श्रेणी में आंका गया। स्थानीय नागरिक सुनील कुमार और अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम को सराहा और हस्ताक्षर के साथ फीडबैक दिया। इस आयोजन से यह स्पष्ट संदेश गया कि स्वच्छ भारत अभियान तभी सफल हो सकता है जब हर नागरिक जिम्मेदारी से अपने घर और आसपास सफाई रखे और कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करे।
