फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 नवंबर 2025 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो गई है। इस प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाएंगे, त्रुटियों को सुधारा जाएगा तथा मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
कार्यक्रम की मुख्य तिथियाँ इस प्रकार हैं :
1. गणना अवधि – 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक
2. निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन – 09 दिसम्बर 2025
3. दावे और आपत्तियाँ प्राप्त करने की अवधि – 09 दिसम्बर 2025 से 08 जनवरी 2026 तक
4. नोटिस चरण, सुनवाई एवं निस्तारण – 09 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक
5. अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन – 07 फरवरी 2026
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने नाम, पते, आयु अथवा अन्य विवरणों की जाँच अवश्य कर लें तथा यदि नाम सूची में नहीं है तो निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करके अपना नाम शामिल कराएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाताओं की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही, मतदाता www.nvsp.in पोर्टल या Voter Helpline App के माध्यम से भी अपने नाम की जाँच एवं संशोधन करा सकते हैं।
यह पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अतः सभी नागरिकों से अपेक्षा की जाती है कि वे सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने मताधिकार के प्रति सजग रहें।
