फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मई 2025 अवास विकास स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला संगठन प्रभारी शिवमहेश दुबे रहे। मुख्य वक्ता के रूप में सांसद मुकेश राजपूत ने रानी अहिल्याबाई के जीवन संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में ‘त्रिजन्म शताब्दी स्मृति अभियान’ के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा गुंजन पाल को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि शिव महेश दुबे ने रानी अहिल्याबाई के जीवन को समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने अपने शासन काल में न सिर्फ न्यायप्रिय और कुशल रणनीतिकार के रूप में पहचान बनाई, बल्कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने भगवान शिव की उपासना करते हुए ध्वस्त मंदिरों और शिवालयों के जीर्णोद्धार का कार्य किया।
श्री दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रेरणा से काशी विश्वनाथ, महाकाल और केदारनाथ जैसे मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया, जहां रानी अहिल्याबाई की मूर्तियां भी स्थापित की गईं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है जो राष्ट्रनिर्माताओं की जयंती को उत्सव के रूप में मनाता है और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाता है।
सांसद मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि रानी अहिल्याबाई ने ढाई सौ से अधिक मंदिरों का पुनर्निर्माण कर सनातन संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ कर महापुरुषों को भुलाने का कार्य किया है। वहीं भाजपा ने उनके योगदान को सम्मान देने का कार्य किया है।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन नेतृत्व, न्याय, श्रद्धा और मातृत्व का प्रतीक रहा है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए और अपने राज्य को युद्ध और अस्थिरता से बचाकर समृद्ध बनाया। कार्यक्रम का संचालन अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष कुलदीप गंगवार, उपाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिला महामंत्री डीएस राठौर एवं सुनील रावत, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित, गोपाल राठौर, सर्वेश कुशवाहा, महिला मोर्चा महामंत्री हिना दवे, चित्रा अग्निहोत्री, राजकुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, एवं मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।