फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 आज देशभर में 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इसी क्रम में फर्रूखाबाद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सेंट्रल जेल, फतेहगढ़ का दौरा किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने जेल अस्पताल में भर्ती बंदियों से मुलाकात की, उनकी सेहत और जरूरतों का हाल जाना तथा उन्हें फलों का वितरण किया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बंदियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि जेल जीवन का अंत नहीं है, बल्कि यह एक नया अवसर है जिससे व्यक्ति अपने जीवन में सुधार कर सकता है और समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल हो सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी बंदी सकारात्मक सोच और अच्छे आचरण के साथ भविष्य में एक बेहतर जीवन की ओर अग्रसर होंगे।
अधिकारियों ने जेल प्रशासन के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि जेल में रह रहे कैदियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और मानसिक सुधार के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर देश की उन्नति और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाना चाहिए। सेंट्रल जेल में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक, चिकित्सा अधिकारी व अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन किया और राष्ट्रीय एकता, भाईचारे व सद्भावना का संकल्प लिया।
