फर्रुखाबाद:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ और ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ की शुरुआत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अक्टूबर 2025 देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आज नई दिल्ली से दो ऐतिहासिक योजनाओं — ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ और ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि क्षेत्र से जुड़ी 42,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का भी शुभारंभ किया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ये योजनाएँ किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादन में आत्मनिर्भरता लाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। इसके माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई सुविधाएँ, भंडारण, प्रसंस्करण तथा विपणन से जुड़ी नई सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में भी देखा गया, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, किसान भाई-बहन एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई ये योजनाएँ किसानों के जीवन में नई खुशहाली और समृद्धि लाएँगी। इससे न केवल कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प को भी नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत ने भी कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम किसानों के लिए ऐतिहासिक वरदान साबित होगा। उन्होंने सभी से इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।