लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अक्टूबर 2025 उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक पुनर्गठन की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य सरकार अब एक नए जिले “कल्याण सिंह नगर” के गठन की तैयारी में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, यह प्रस्तावित जिला अलीगढ़ और बुलंदशहर जिलों के कुछ हिस्सों को मिलाकर बनाया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, अलीगढ़ के अतरौली और गंगीरी तहसील, जबकि बुलंदशहर जिले की डिबाई तहसील को मिलाकर नए जिले का गठन किया जाएगा। इस सिलसिले में राजस्व परिषद ने दोनों जिलों के जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, ताकि प्रस्ताव पर आगे की कार्यवाही की जा सके।
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित जिला पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखा जाएगा, जो अलीगढ़ जिले के अतरौली क्षेत्र से आते थे। कल्याण सिंह का राजनीतिक जीवन और उनके योगदान को देखते हुए, उनके नाम पर नया जिला बनाना एक श्रद्धांजलि स्वरूप निर्णय माना जा रहा है।
यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो “कल्याण सिंह नगर” उत्तर प्रदेश का एक नया प्रशासनिक जिला होगा, जिससे स्थानीय जनता को शासन-प्रशासन से जुड़ी सेवाएँ और सुविधाएँ अधिक सुगमता से मिल सकेंगी।
सरकार के इस कदम से अतरौली, गंगीरी और डिबाई क्षेत्र के विकास की संभावनाएँ भी बढ़ेंगी। फिलहाल, प्रशासनिक रिपोर्ट के आधार पर शासन की अंतिम स्वीकृति का इंतज़ार किया जा रहा है।
