फर्रुखाबाद:26 नवंबर को संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर धरना–प्रदर्शन की तैयारी तेज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 नवंबर 2025 संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर 26 नवंबर को देशभर में प्रस्तावित धरना–प्रदर्शन को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष कटियार द्वारा ग्राम पंचायत करणपुर दत्त के मजरा मोकुलपुर में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में किसानों से 26 नवंबर, सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर शांतिपूर्ण धरना–प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

भाकियू पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन ऐतिहासिक दिल्ली किसान आंदोलन की वर्षगांठ पर किसानों की समस्याओं को पुनः सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने के लिए है।

सोरम सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत के 11 प्रस्तावों पर विशेष चर्चा

बैठक में मुजफ्फरनगर के सोरम में आयोजित सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत में पारित 11 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ये प्रस्ताव सामाजिक सुधार, ग्रामीण विकास और युवा–महिला सहभागिता को बढ़ावा देने पर केंद्रित हैं।

प्रस्ताव इस प्रकार हैं—

1. मृत्यु भोज पर पूर्ण पाबंदी, 2. दहेज प्रथा पर पाबंदी, 3. नशा मुक्ति अभियान को सख्ती से लागू करना, 4. भ्रूण हत्या रोकने के लिए कठोर कदम, 5. लिव-इन रिलेशन पर पाबंदी, 6. माता–पिता की अनुमति के बिना प्रेम विवाह न हो, 7. शिक्षा पर विशेष जोर, 8. पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता, 9. गौवंश संरक्षण अनिवार्य, 10. युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना, 11. सर्वखाप पंचायत प्रत्येक 10 वर्ष में आयोजित करने का निर्णय। इन प्रस्तावों को ग्रामीण समाज में सुधार और नई सामाजिक दिशा देने वाला बताया गया।

नेताओं का संदेश

भाकियू जिला अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के हितों, शुगर मिलों के बकाए, लागत बढ़ने, फसलों के दाम और कृषि कानूनों से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बार फिर किसानों को संगठित होकर अपनी आवाज उठानी होगी। संगठन ने सभी किसानों, युवाओं और ग्रामीणों से 26 नवंबर को कलेक्ट्रेट पहुंचकर एकजुटता दिखाने की अपील की है।