फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 नवम्बर 2025 पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का शानदार उदाहरण पेश किया है। मऊदरवाज़ा थाना क्षेत्र की बीबीगंज चौकी पुलिस ने चोरी हुई मोटरसाइकिल को मात्र दो घंटे के अंदर बरामद कर पीड़ित को बड़ी राहत दी।
जानकारी के अनुसार, शमशाबाद निवासी वीरेंद्र शाक्य सुबह हरा धनिया बेचने के लिए फर्रुखाबाद की अरहपहाड़पुर सब्जी मंडी पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि शमशाबाद में हरा धनिया सस्ता बिकता है, इसलिए वे मंडी में व्यापार करने आए थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:00 बजे उनकी मोटरसाइकिल मंडी परिसर से चोरी हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तुरंत बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन कुमार को सूचना दी। चौकी इंचार्ज नितिन कुमार ने बिना देरी किए अपनी टीम के साथ खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम ने क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान पुलिस को चोरी हुई मोटरसाइकिल रेलवे क्रॉसिंग के पास झाड़ियों में छिपी हुई मिली। चौकी इंचार्ज नितिन कुमार और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाइक को कब्जे में ले लिया।
बाइक वापस मिलने पर पीड़ित वीरेंद्र शाक्य ने पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने बताया कि चौकी इंचार्ज ने उन्हें भविष्य में मोटरसाइकिल को सही तरीके से लॉक करने और हमेशा हेलमेट पहनकर यात्रा करने की सलाह दी।
इस सफल अभियान में चौकी इंचार्ज नितिन कुमार के साथ कॉन्स्टेबल सौरभ चौधरी, विनीत चौधरी, नरेश और नितिन शामिल रहे। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से न केवल चोरी की वारदात का खुलासा हुआ, बल्कि अपराधियों को भी कड़ा संदेश गया है। साथ ही इसने आम नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत किया है।
