फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अक्टूबर 2025 उत्तर प्रदेश पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के निर्देशन में तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के पर्यवेक्षण एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
त्योहारों के मद्देनज़र कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने छापेमारी कर लगभग 800 किलो अवैध शराब लहन बरामद की, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फतेहगढ़ पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 आपातकालीन सेवा पर दें।
