फर्रुखाबाद: सराहनीय कार्य के लिए पुलिस कर्मियों का हुआ सम्मान, व्यापार मंडल मिश्रा गुट ने किया आयोजन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जुलाई 2025 नगर उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) द्वारा बुधवार को पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम रेलवे रोड स्थित होटल मोहन पैलेस के सभागार में नगर अध्यक्ष इकलाख खां की अगुवाई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाल ही में अपहृत बालिका की सकुशल बरामदगी और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर फर्रुखाबाद पुलिस की सराहना की गई। विशेष रूप से एसओजी टीम और शहर कोतवाली पुलिस को उनके साहसिक व सक्रिय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नगर क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय और शहर कोतवाल को विशिष्ट रूप से सम्मानित किया गया। वहीं, बीते दिनों गायब हुई मासूम बालिका, जिसे पुलिस ने 20 घंटे के भीतर सकुशल बरामद किया, उसे भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।पुलिस अधीक्षक आरती सिंह को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह किन्हीं कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता राजू, नगर महामंत्री राकेश सक्सेना, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनी शुक्ला, नगर अध्यक्ष प्रीती गुप्ता, हेमलता मिश्रा, बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शशिभूष दीक्षित, महासचिव कुंवर सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी, अधिवक्ता और व्यापारीगण मौजूद रहे। नगर उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के इस प्रयास को शहरवासियों द्वारा भी सराहा गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब समाज और पुलिस एकजुट होकर काम करें तो अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।