फर्रुखाबाद:थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में बाजारों और मुख्य मार्गों पर रही पुलिस की सख्त निगरानी

(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जून 2025 जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय के नेतृत्व में थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में थाना अध्यक्ष बलराज भाटी व पुलिस टीम द्वारा पैदल गश्त कर इलाके का निरीक्षण किया गया।

यह पैदल गश्त मुख्य रूप से बाजारों, मुख्य मार्गों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में की गई, जहां पुलिस बल की मौजूदगी से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और विश्वास का संचार हुआ। पुलिस टीम ने जगह-जगह रुककर स्थानीय दुकानदारों व नागरिकों से संवाद किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस प्रकार की गश्त लगातार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता के सहयोग से किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करेगी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। इस दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया और नियमों के पालन हेतु लोगों को जागरूक किया। इस अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनपद में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और हर स्थिति पर पूरी सतर्कता से नजर रखी जा रही है।