फर्रुखाबाद:दिल्ली धमाके के बाद जिले में पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता, एएसपी ने किया सघन चेकिंग अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 नवम्बर 2025 दिल्ली के लाल किले क्षेत्र में मेट्रो स्टेशन के पास कार में हुए धमाके की घटना के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। इसी क्रम में फर्रुखाबाद जनपद में भी पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में जिलेभर में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबा, रेस्टोरेंट, गेस्टहाउस और भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

एएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की बारीकी से जांच करें तथा जनपद में लगातार भ्रमणशील रहकर प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें। साथ ही, आमजन से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस की इस मुस्तैदी का उद्देश्य जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। एएसपी फतेहगढ़ ने कहा, “जनपद में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। सभी थाना प्रभारी एवं पेट्रोलिंग टीमें अलर्ट मोड पर हैं। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”जनपद में इस सघन जांच अभियान के चलते नागरिकों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की और सुरक्षा को लेकर संतोष व्यक्त किया।