फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2025 जनपद के थाना कमालगंज क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें लूट के तीन आरोपी पकड़े गए। दो अपराधी मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए, जबकि तीसरे को पुलिस ने पीछा कर पकड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 अगस्त 2025 को कमालगंज के मोहल्ला शास्त्री नगर द्वितीय निवासी श्री यदुनाथ सिंह सोमवंशी से तीन अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े सोने की चेन, अंगूठी तथा Oppo 3x 5G मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में थाना कमालगंज पर मु.अ.सं. 253/2025, धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे बाद में साक्ष्यों के आधार पर धारा 309(4) बीएनएस में परिवर्तित कर दिया गया।
08 अगस्त को प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम कुतबपुर बघार भोजपुर इलाके में वाहन चेकिंग और संदिग्धों की तलाश कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति कमालगंज की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हो गए, जबकि तीसरे को मौके से भागने के प्रयास में पकड़ लिया गया। घायलों को तत्काल सीएचसी कमालगंज भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई —
1. निगम पुत्र मलिया, निवासी लकूला, थाना कादरीगेट, फर्रूखाबाद
2. गौरव पुत्र अनिल, निवासी लालगेट, थाना कादरीगेट, फर्रूखाबाद
3. सचिन पुत्र सुधीर, निवासी गंगानगर लालगेट, थाना कादरीगेट, फर्रूखाबाद
बरामदगी में शामिल हैं:
02 देशी तमंचा 315 बोर
03 जिंदा कारतूस, 01 मिस कारतूस, 02 खोखा कारतूस
01 मोटरसाइकिल (हीरो सुपर स्प्लेंडर आई3एस)
लूटा गया मोबाइल फोन
एक पीली धातु की अंगूठी
पुलिस द्वारा तीनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम को सराहना दी है और कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक थी।
