फर्रुखाबाद:कायमगंज में पुलिस मुठभेड़, शातिर अपराधी सिकंदर उर्फ़ अरुण गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2025 जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 27 अगस्त 2025 की देर रात एसओजी, सर्विलांस टीम और कोतवाली कायमगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के मार्गदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार तथा क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में की गई।

मुठभेड़ की पूरी कहानी

पुलिस टीम ग्राम पितौरा से नरसिंहपुर मार्ग पर बम्बा पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों ने भागने का प्रयास किया।

तेजी में मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पीछे बैठा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में भाग निकला, जबकि चालक ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम सिकंदर उर्फ अरुण पुत्र सुनील उर्फ जगदीश निवासी गिहार कॉलोनी, करहल, जनपद मैनपुरी बताया।

घायल सिकंदर को पहले सीएचसी कायमगंज, फिर वहां से डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वह खतरे से बाहर है।

अपराधी की स्वीकारोक्ति

गिरफ्तार बदमाश ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि वह अपने साथी सर्वेश उर्फ सूखा (निवासी कोकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा) के साथ मिलकर बैंक और अस्पताल के पास लोगों को निशाना बनाता था।

एक महीने पहले दोनों ने रितिक अस्पताल के पास से एक युवक की मोटरसाइकिल पर लिफ्ट ली थी। रास्ते में उतरकर उन्होंने उसकी जेब से ₹50,000 चोरी कर लिए थे। इस घटना में कोतवाली कायमगंज पर पहले से मु0अ0सं0 167/25 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज था।

बरामदगी

पुलिस ने सिकंदर उर्फ अरुण के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया –01 देशी तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस (एक नाल में फंसा हुआ), 6000 रुपये नकद, मोटरसाइकिल होंडा SP 125 (घटना में प्रयुक्त)

दर्ज मुकदमे

मुठभेड़ के बाद सिकंदर के खिलाफ मु0अ0सं0 192/2025 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत किया गया है। फरार साथी सर्वेश उर्फ सूखा को भी इसी मुकदमे में नामजद किया गया है।

आपराधिक इतिहास

सिकंदर उर्फ अरुण पर मैनपुरी, इटावा, आगरा और फिरोजाबाद जिलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास (307), चोरी, लूट, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएँ शामिल हैं।

उसके खिलाफ अब तक 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, जिनमें –3/25 आर्म्स एक्ट, 303(2)/317(2) बीएनए, 379/411 भादवि, 399/402 भादवि, 8/20 एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम जैसी धाराएँ शामिल हैं।

पुलिस टीमें

गिरफ्तारी में शामिल पुलिसकर्मी –

कोतवाली कायमगंज टीम : प्र0नि0 अनुराग मिश्र, उ0नि0 नागेंद्र सिंह, उ0नि0 अवधेश कुमार, का0 कृष्णपाल, का0 विजय गुर्जर, का0 गौरव कुमार, का0 सचिन कुमार, का0 विनित कुमार।

एसओजी टीम : प्रभारी उ0नि0 सचिन चौधरी, उ0नि0 राजेश राय सहित 8 अन्य पुलिसकर्मी।

सर्विलांस टीम : प्रभारी उ0नि0 संत कुमार कुंतल व उनकी टीम।

पुलिस का बयान

अधिकारियों ने बताया कि अपराधी सिकंदर लंबे समय से फर्रुखाबाद और आसपास के जिलों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। वहीं उसके फरार साथी सर्वेश उर्फ सूखा की तलाश जारी है।

👉 पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी तेज गति से जारी रहेगा।