फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अक्टूबर 2025 थाना कादरी गेट क्षेत्र के बस स्टॉप के पास पुलिस पर युवक से बर्बरता करने का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार युवक अपनी बीमार मां के लिए दवाइयां लेकर अस्पताल जा रहा था। दशहरा पर्व को देखते हुए पुलिस ने इलाके में बैरिकैटिंग कर रखी थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोक लिया।
बताया जा रहा है कि युवक ने पुलिसकर्मियों से बीमार मां की दवाइयां जल्द अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई, लेकिन बहस के दौरान पुलिस से नोकझोंक हो गई। आरोप है कि पुलिस के सिपाहियों ने युवक को पकड़कर चौकी ले जाकर लात-घूसों और जूतों से जमकर पीटा। इतना ही नहीं, मानवाधिकार संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि युवक को चौकी से थाने ले जाते समय भी पुलिसकर्मी उसे जूतों से मारते रहे।
पुलिस ने युवक पर कार्रवाई करते हुए उसे 151 के तहत चालान कर दिया। इस घटना से आक्रोशित मानवाधिकार पदाधिकारियों ने थाने का घेराव कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और पीड़ित युवक को न्याय दिलाने की मांग की।
इस पूरे प्रकरण ने फर्रुखाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
