फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 सितंबर 2025 किसानों की फसलों को कीट व रोगों से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए भारत सरकार ने एक नई पहल की है। राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली (National Pest Surveillance System – NPSS) मोबाइल ऐप के माध्यम से अब किसान आसानी से फसलों में लगने वाले कीट/रोग की पहचान कर उसका समय पर समाधान पा सकेंगे।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से सटीक पहचान
यह मोबाइल ऐप कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और मशीन लर्निंग तकनीक पर आधारित है। किसान भाई अपनी फसल की तस्वीर खींचकर ऐप पर अपलोड करेंगे, जिसके बाद ऐप फसल में लगे कीट या रोग की पहचान कर उसकी पूरी जानकारी और उपचार का सुझाव देगा।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
कीटनाशकों पर निर्भरता कम होगी। वैज्ञानिक तरीके से रोग/कीट प्रबंधन संभव होगा। फसल नुकसान घटेगा और उत्पादकता बढ़ेगी। किसानों को कृषि विशेषज्ञों से सीधे सलाह लेने का अवसर मिलेगा।
कई भाषाओं में उपलब्ध
किसानों की सुविधा को देखते हुए NPSS ऐप हिंदी, अंग्रेजी, मराठी और पंजाबी सहित कई भाषाओं में उपलब्ध है, ताकि देशभर के किसान इसका आसानी से उपयोग कर सकें।
कृषि विभाग की पहल
जिला कृषि रक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि यह ऐप किसानों के लिए एक वरदान साबित होगा। किसानों को गुणवत्तापूर्ण और अच्छी पैदावार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग लगातार आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दे रहा है।
