फर्रुखाबाद:वाहिदपुर की जनता को मिली बड़ी राहत: सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रयासों से टोल प्लाजा आबादी से हटाया गया।

फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जून 2025 जिले के वाहिदपुर गांव की जनता को एक बड़ी राहत मिली है। जन अधिकार पार्टी के संस्थापक एवं जौनपुर से सांसद मा. बाबू सिंह कुशवाहा जी के प्रभावशाली प्रयासों के चलते वाहिदपुर की आबादी में प्रस्तावित टोल प्लाजा अब वहां नहीं बनेगा। टोल प्लाजा के हटने से न केवल गांव की शांति बहाल होगी, बल्कि सैकड़ों लोगों की आजीविका पर मंडरा रहा संकट भी टल गया है।

सांसद कुशवाहा ने फर्रुखाबाद दौरे के दौरान गांव के लोगों से मुलाकात की थी, जहां उन्हें इस मुद्दे की गंभीरता की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्परता दिखाते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी से दिल्ली में मुलाकात कर मामला उठाया और टोल को आबादी क्षेत्र से बाहर शिफ्ट करने की पुरजोर मांग रखी।

सांसद कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि, “आबादी के बीच में टोल प्लाजा बनने से न केवल लोगों के रोजगार प्रभावित हो रहे थे, बल्कि सामाजिक और आर्थिक गतिविधियां भी बाधित हो रही थीं। यह गांव के विकास के खिलाफ था, इसलिए मैंने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया।”

गडकरी जी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लिया और टोल प्लाजा को वाहिदपुर की आबादी से बाहर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। वाहिदपुर समेत पूरे फर्रुखाबाद जनपद में इस फैसले की सराहना हो रही है। ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है और उन्होंने सांसद कुशवाहा के प्रति आभार जताते हुए इसे “जनता की जीत” बताया।

स्थानीय निवासी रवि शाक्य ने बताया, “अगर टोल यहां बन जाता, तो हमारे रोजगार पर गहरा असर पड़ता। बाबू सिंह कुशवाहा जी ने हमारी आवाज को देश के मंत्री तक पहुंचाया, इसके लिए हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे।” यह फैसला न केवल वाहिदपुर गांव के लिए, बल्कि पूरे जनपद के लिए मिसाल है कि जनप्रतिनिधि यदि ईमानदारी से जनता की बात उठाएं, तो समाधान संभव है। “फर्रुखाबाद की जनता हमेशा आपकी आभारी रहेगी” यह भाव आज हर गली और हर दिल में गूंज रहा है।