फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 सितंबर 2025 “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत रविवार को पुलिस लाइन सभागार में 06 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता को मंच प्रदान करना, उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, नारी सुरक्षा, बाल अधिकार और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं को रंगों में उकेरा। चित्रों में जहां नारी शक्ति को नई उड़ान देने की आकांक्षा दिखी, वहीं समाज में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद भी झलकती रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह रहीं। उन्होंने बच्चों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि –“बच्चों की छुपी हुई रचनात्मकता और सामाजिक विषयों के प्रति उनकी समझ एक सशक्त समाज की नींव रखती है। मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रम न केवल बच्चों को सकारात्मक दिशा देते हैं, बल्कि समाज को भी जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।”
प्रतियोगिता के समापन पर पुलिस अधीक्षक द्वारा विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार और उपहार प्रदान किए गए। वहीं, सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप मिठाई और स्मृति चिन्ह भी दिए गए, जिससे बच्चों का उत्साह और बढ़ गया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के शिक्षक और अभिभावक भी मौजूद रहे। सभी ने बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि सामाजिक सरोकारों को समझने की क्षमता भी विकसित होती है।
कार्यक्रम का माहौल बच्चों की ऊर्जा और उत्साह से सराबोर रहा। मिशन शक्ति के इस रचनात्मक पहल ने यह साबित कर दिया कि नई पीढ़ी यदि सही दिशा में मार्गदर्शन पाए तो समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकती है।
