फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पी.ए.आई. प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 01 अगस्त 2025 राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजनान्तर्गत पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (पी.ए.आई.) के अंतर्गत जनपद स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन 01 अगस्त को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी महोदय ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक – जिला ग्राम्य विकास अभिकरण सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में उन ग्राम पंचायतों के सचिव व प्रधान भी शामिल हुए जिन्हें गत वर्ष पी.ए.आई. पोर्टल पर उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त हुई थी।

प्रशिक्षण सत्र में राज्य स्तरीय प्रशिक्षक द्वारा पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स, सतत विकास लक्ष्य (SDG), पंचायत पुरस्कार आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, पंचायतों के स्कोर कार्ड के आधार पर उनकी ग्रेडिंग की व्याख्या करते हुए सभी नौ थीम और 147 इंडिकेटर से जुड़े कुल 227 डेटा पॉइंट्स पर चर्चा की गई।

फैसिलिटेटरों को पोर्टल पर डेटा फीडिंग एवं वैलिडेशन की प्रक्रिया समझाई गई ताकि सभी पंचायतें पोर्टल पर सटीक व समुचित रूप से अपना डेटा दर्ज कर सकें। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि अगस्त माह को एक अभियान के रूप में चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों का डेटा पी.ए.आई. पोर्टल पर अपलोड कराया जाएगा।

यह प्रशिक्षण पंचायतों की पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और सतत विकास की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है, जिससे स्थानीय शासन प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।