फर्रुखाबाद:ओवरलोड बस सीज, बिना कागजात 8 ई-रिक्शा जब्त ₹86 हजार का जुर्माना

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़)06 जून 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में जनपद में परिवहन नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं एआरएम रोडवेज राजेश कुमार द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जयपुर से आ रही एक ओवरलोड बस को चेक किया गया जिसमें निर्धारित क्षमता 30 के स्थान पर 64 सवारियां यात्रा कर रही थीं।

जांच में यह भी सामने आया कि उक्त बस पर उत्तर प्रदेश राज्य का ₹16,000 टैक्स बकाया था और बस का परमिट भी समाप्त हो चुका था। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए बस को सीज कर फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे में खड़ा करा दिया गया। साथ ही बस स्वामी पर ₹31,000 का जुर्माना लगाया गया।

ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों पर भी कसा शिकंजा

अभियान के दौरान एआरटीओ द्वारा 8 ई-रिक्शाओं को बिना वैध पंजीकरण और प्रपत्रों के संचालन करते हुए पकड़ा गया, जिन्हें मौके पर ही सीज कर दिया गया। इन पर ₹55,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं, 15 दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ भी चालान की कार्यवाही की गई जो बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे।

सख्त संदेश: नियम तोड़ने वालों पर नहीं होगी कोई रियायत

परिवहन विभाग की इस कार्यवाही से यह स्पष्ट संकेत गया है कि जनपद में यातायात नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।