फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 दिसंबर 2025 जनता महादलित संघ (JMS) ने संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए रवि वाल्मीकि को अवध दक्षिण, उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की संस्तुति एवं शीर्ष नेतृत्व की सहमति से की गई।
रवि वाल्मीकि की नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। उन्हें सामाजिक न्याय, दलित-वंचित समाज के अधिकारों तथा संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय योगदान के लिए जाना जाता है। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में अवध दक्षिण क्षेत्र में जनता महादलित संघ का विस्तार और अधिक प्रभावी ढंग से होगा।
इस अवसर पर जनता महादलित संघ के राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार वाल्मीकि सहित अन्य राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने रवि वाल्मीकि को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति संगठन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने में मील का पत्थर साबित होगी।
अपने मनोनयन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रवि वाल्मीकि ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि वे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक समानता, शिक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष को तेज करने का कार्य करेंगे।
जनता महादलित संघ ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह नियुक्ति संगठन को नई ऊर्जा देगी और उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती मिलेगी।
