फर्रुखाबाद:सावन का तृतीय सोमवार पुठरी मंदिर में आस्था का जनसैलाब, गूंज उठे जयकारे।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जुलाई 2025 सावन के पवित्र तृतीय सोमवार को फर्रुखाबाद के प्रसिद्ध पुठरी शिव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। तड़के सुबह से ही भक्तों का रेला मंदिर प्रांगण में उमड़ पड़ा और “हर हर महादेव” व “बोल बम” के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

श्रद्धालुओं ने माँ गंगा से पवित्र जल भरकर भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। हजारों की संख्या में आए कांवड़िए और स्थानीय भक्तों ने लंबी कतारों में खड़े होकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में विशेष श्रृंगार और रुद्राभिषेक अनुष्ठान भी संपन्न हुए। भजन-कीर्तन से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

सुरक्षा व्यवस्था रही चुस्त

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए। पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों को मंदिर परिसर और उसके आसपास तैनात किया गया। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भीड़ पर पैनी नजर रखी गई। नगर प्रशासन द्वारा पेयजल, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं।

फर्रुखाबाद में शिवभक्ति की अद्वितीय छटा

अपरा काशी के नाम से प्रसिद्ध फर्रुखाबाद के कोने-कोने में सावन की शिवभक्ति का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। पांडेश्वर नाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसकी कतारें रेलवे रोड तक पहुंच गईं। नगर के अन्य प्रमुख मंदिरों—कोतवालेश्वरनाथ, नागेश्वरनाथ, कालेश्वरनाथ, महाकाल, तामेश्वर महादेव, द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर, मोटे महादेव और श्रृंगीरामपुर शिवालय में भी भक्तों का तांता लगा रहा। पूरे जिले में सावन के इस तीसरे सोमवार को शिवभक्ति और अध्यात्म की दिव्य छटा बिखरी रही। पुठरी मंदिर का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बन गया।