फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 दिसंबर 2025 भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश प्रादेशिक मुख्यालय के निर्देशन में संचालित बेसिक कोर्स स्काउट मास्टर/गाइड कैप्टन प्रशिक्षण शिविर के तृतीय दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
प्रातःकालीन सत्र का शुभारंभ बी.पी. सिक्स एवं ध्वज शिष्टाचार के साथ हुआ, जिसमें स्काउट विंग के प्रतिभागियों द्वारा ध्वज शिष्टाचार की समस्त प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इस दौरान लीडर, सहायक लीडर एवं ध्वज लीडर की भूमिका प्रतिभागी स्काउट मास्टर्स ने निभाई।
कार्यक्रम में सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त कानपुर मंडल श्री मयंक शर्मा, लीडर ऑफ द कोर्स (स्काउट) श्री मनोज कुमार रावत, लीडर ऑफ द कोर्स (गाइड) श्रीमती शशिप्रभा, प्रशिक्षक स्काउट श्री मनीष कुमार, श्री सुधीर कुशवाहा, प्रशिक्षिका श्रीमती चमन शुक्ला, श्री योगेश कुमार, जिला सचिव डॉ. महेश चंद्र राजपूत तथा जिला कोषाध्यक्ष श्री संतोष कुमार त्रिपाठी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ प्रशिक्षिका श्रीमती चमन शुक्ला ने किया, जिसमें उन्होंने स्काउट-गाइड के प्रगतिशील प्रशिक्षण की विस्तार से जानकारी दी। लीडर ऑफ द कोर्स (गाइड) श्रीमती शशिप्रभा ने वन विद्या पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षक श्री मनीष कुमार ने प्रथम सोपान की गांठों एवं बंधनों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जबकि श्री मनोज कुमार रावत ने प्रतिभागियों को सीटी संकेत एवं हाथ के संकेतों की जानकारी दी।
मध्याह्न सत्र में भोजन मंत्र के साथ सभी प्रतिभागियों को भोजन कराया गया, जिसकी जिम्मेदारी शेर ग्रुप द्वारा निभाई गई। भोजन उपरांत विभिन्न प्रशिक्षकों द्वारा स्काउट-गाइड नियम, प्रार्थना एवं झंडा गीत का एस.टी.ए. कराया गया तथा गांठ-बंधन का अभ्यास कराया गया।
सांयकालीन सत्र में आयोजित कैंप फायर कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं की टोलियों द्वारा देशभक्ति गीत एवं समूह नृत्य प्रस्तुत किए गए। कैंप फायर गतिविधि के अंतर्गत चारों दिशाओं के संदेशवाहकों द्वारा शांति, हरियाली संरक्षण, खुशी एवं प्रेम का संदेश दिया गया।
तृतीय दिवस के समापन अवसर पर सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्री मयंक शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को प्रत्येक गतिविधि में बढ़-चढ़कर सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया और स्काउट-गाइड प्रशिक्षण को व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम बताया।
